पश्चिम बंगाल विधानसभा भंग, ममता बनर्जी का इस्तीफा देने से इनकार

कोलकाता, 7 मे: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने गुरुवार को राज्य विधानसभा को भंग कर दिया. यह निर्णय तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी के चुनाव हारने के बावजूद इस्तीफा देने से मना करने के बाद लिया गया.

राज्यपाल आरएन रवि ने ममता बनर्जी के मंत्रिमंडल को भी बर्खास्त कर दिया है. उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 174 (2) (बी) के तहत यह कार्रवाई की.

लोकभवन, कोलकाता की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि विधानसभा भंग करने का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद राज्य में राजनीतिक टकराव की स्थिति उत्पन्न हुई थी, खासकर ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार करने के बाद.

ममता बनर्जी 2011 से लगातार पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज थीं. वह तीन बार राज्य की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं. 2026 विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ी जीत हासिल की है. भाजपा ने 293 में से 207 सीटें जीती हैं, जबकि तृणमूल केवल 80 सीटों तक सीमित रह गई है. बहुमत के लिए 148 सीटें चाहिए थीं, लेकिन भाजपा ने 207 सीटों के साथ यह आंकड़ा पार कर लिया है. एक सीट फाल्टा पर 21 मई को मतदान होगा और नतीजे 24 मई को आएंगे.

इस बीच, ममता बनर्जी को सबसे बड़ा नुकसान हुआ है. वह अपनी पारंपरिक सीट भवानीपुर से भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से 15 हजार से अधिक वोटों से हार गई हैं. हालांकि, उन्होंने हार मानने से इनकार कर दिया है. उनका आरोप है कि चुनाव में बड़े स्तर पर धांधली की गई, जिसके चलते उनसे जनता का जनादेश छीन लिया गया. ममता ने इस्तीफा देने से इनकार करते हुए कहा कि हम हारे नहीं हैं, बल्कि हमें हराया गया है.

Leave a Comment