
मुंबई, 23 मे: भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर चर्चा करते हुए कहा कि मोदीजी की अपील देश को आगे बढ़ाने और संकट के समय में मजबूत करने के लिए है.
मनोज तिवारी ने कहा कि देशवासियों को यह समझना चाहिए कि पीएम मोदी का हर शब्द नागरिकों के लाभ के लिए है. वर्तमान में दुनियाभर में युद्ध चल रहे हैं, इसलिए हमें आत्मनिर्भरता की आवश्यकता है. हमें उन लोगों के खिलाफ भी सतर्क रहना चाहिए, जो देश के खिलाफ साजिशें रच रहे हैं.
पीएम मोदी की विदेश यात्रा के संदर्भ में मनोज तिवारी ने कहा कि इस यात्रा के दौरान उन्होंने देश में पानी की समस्या को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. पीएम मोदी ने लोकतंत्र का संदेश देते हुए युद्ध समाप्त करने की कोशिश की है. राहुल गांधी जैसे लोग यदि देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं, तो उन्हें जनता का समर्थन कभी नहीं मिलेगा.
मनोज तिवारी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने उन्हें कई बार हराया है, और अब वे पीएम मोदी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं.
सपा कार्यकर्ताओं को 400 सीटों पर तैयार रहने के बयान पर मनोज तिवारी ने कहा कि अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी जैसे नेताओं का समर्थन कर खुद को हाशिए पर डाल लिया है. उनके द्वारा कही गई बातें कांग्रेस की हैसियत से भी कम हैं.
कॉकरोच जनता पार्टी पर टिप्पणी करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि जो लोग देश को कमजोर करने में लगे हैं, उन्हें कोई मौका नहीं मिलेगा. इस पार्टी के 81 प्रतिशत समर्थक पाकिस्तानी या बांग्लादेशी हैं.