
नई दिल्ली, नोव्हेंबर 17: दिल्ली सरकार के मंत्री मजिंदर सिंह सिरसा ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश पोस्ट करते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मनीला में सदी पुराने गुरुद्वारा खालसा दीवान साहिब के पुनर्निर्माण कार्य की शुरुआत के शुभ अवसर पर गुरु घर की पवित्र सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है.
सिरसा ने कहा, “गुरु साहब ने पीएम मोदी के ऊपर ऐसी कृपा की है कि वह फिलीपींस में 100 साल पुराने गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण के कार्य में संगत के साथ मिलकर महान कारसेवा करेंगे. यह बहुत खुशी की बात है. मैं वहां की संगत को बहुत-बहुत बधाई देता हूं और साथ ही पीएम मोदी को भी बधाई देता हूं.”
उन्होंने कहा, “यह हम सभी के लिए बहुत गौरव की बात है कि देश के प्रधानमंत्री को महान सेवा करने का मौका मिला. इससे पहले भी गुरु नानक देव का स्थान लखपत साहिब, जिसे पूरी तरह से खत्म कर दिया गया था, का पुनरुद्धार पीएम मोदी ने किया था और यूनेस्को ने इसे दुनिया के बेस्ट पुनरुद्धार का अवार्ड भी दिया. पीएम मोदी के ऊपर हमेशा ही गुरुकृपा बनी रहे और वे इसी तरह गुरु चरणों से जुड़े रहें और सेवा करते रहें.”
सिरसा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सिख समुदाय और गुरु घरों के प्रति विशेष लगाव और श्रद्धा हमेशा से रही है. चाहे देश में हो या विदेश में, गुरु घरों के संरक्षण और पुनर्निर्माण के लिए उन्होंने हमेशा आगे बढ़कर सेवा की है. मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान साहिब का पुनर्निर्माण भी उसी कड़ी का हिस्सा है.
मंत्री सिरसा ने कहा कि यह केवल एक भवन के पुनर्निर्माण का कार्य नहीं है, बल्कि सिख विरासत, संस्कृति और आस्था को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महान कार्य है. गुरु घर की सेवा का अवसर मिलना बड़े भाग्य की बात होती है और प्रधानमंत्री को यह सौभाग्य मिलना पूरे सिख समुदाय के लिए गर्व की बात है.
उन्होंने मनीला की संगत को भी बधाई देते हुए कहा कि संगत की श्रद्धा और सेवा भावना के कारण ही यह कार्य संभव हो पाया है. सिरसा ने उम्मीद जताई कि पुनर्निर्माण के बाद यह गुरुद्वारा और भी भव्य स्वरूप में संगत की सेवा करेगा और फिलीपींस में भारतीय संस्कृति और सिख परंपरा का प्रतीक बनेगा.